बागी गांव में होगा एंगलिंग प्रतियोगिता का आयोजन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जनपद के बागी गांव में 17 अक्टूबर को तीन दिवसीय एंगलिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा, जिसमें नयार नदी में मछली पकड़ने के लिए देश भर से एंग्लर्स उमड़ेंगे।
मत्स्य विभाग तथा उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के तत्वावधान में जनपद पौड़ी गढ़वाल के बागी गांव में एंगलिंग प्रतियोगिता का आयोजन 17 अक्टूबर, से शुभारम्भ होगा। प्रतियोगिता 3 दिन तक चलेगी, जिसमें मछली पकड़ने के लिए देश भर के एंग्लर्स प्रतिभाग करेंगे। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने व पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए मत्स्य क्रीडा का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता के आयोजन से स्थानीय लोगों में भी रुचि बढ़ेगी व आमदनी में भी इजाफा बढेगा। मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बताया कि जनपद के बागी स्थित नयार नदी में 17 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक चलने वाली 3 दिवसीय प्रतियोगिता में 30 से 40 एंग्लर्स प्रतिभाग करेंगे। कहा कि उत्तराखंड में रोमांचकारी गतिविधियों को करने के लिए कई ऐसे पर्यटन स्थल है, जो पर्यटकों के बीच खासे लोकप्रिय हैं। उन्हें एक से बढ़कर एक रोमांचकारी एवं साहसिक खेलों को खेलने का अनुभव प्राप्त होता है। ऐसे ही पौड़ी की नयार नदी मत्स्य क्रीडा में रुचि रखने वाले पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करती है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में एंग्लिंग को पर्यटन के साथ जोड़ना है। इससे जहां एंग्लिंग के शौकीन लोगों को लाभ मिलेगा तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस प्रतियोगिता से स्थानीय लोग को भी एंग्लर्सों से सीखने को मिलेगा, जिससे वह भी अन्य लोगों को मछली पकड़ने का तरीका बता सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *