पुण्यतिथि पर स्व. सुधींद्र नेगी को किया याद

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सामाजिक सरोकारों तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित पत्रकार स्व. सुधींद्र नेगी की द्वितीय पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान सदस्यों ने समाज सेवा के लिए नेगी के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
महापौर हेमलता नेगी की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी तथा विशिष्ट अतिथि लोक गायिका सोनिया आनन्द ने किया। वक्ताओं ने स्व. सुधीन्द्र नेगी को पत्रकारिता के लिए समर्पित बताते हुए कहा कि उन्होंने पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक सरोकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। कार्यक्रम में उनके द्वारा स्थापित वार्षिक पत्रिका प्रयास के 14वें अंक का विमोचन किया गया। साथ ही शिक्षा में नवाचार के लिए राष्ट्रपति पुस्कार से सम्मानित शिक्षक दौलत सिंह गुसांई, पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने के लिए कमल बिष्ट, साहित्य सेवा के क्षेत्र में पूर्व प्रधानाचार्य डा. मनोरमा ढौंडियाल, नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में डा. इन्दु नौटियाल, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में संजीव खत्री व समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर विरेन्द्र सिंह नेगी को सुधीन्द्र सम्मान से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पार्षद अमित नेगी, नागेंद्र उनियाल, सूरज कुकरेती, स्व. सुधीन्द्र नेगी की माँ दर्शनी देवी, पत्नी पुष्पा देवी तथा अन्य स्वजनों सहित क्षेत्र के लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चन्द्र नौटियाल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *