कोटद्वार-पौड़ी

एक दिन पहले हटाया, दूसरे दिन फिर अतिक्रमण से पटा गोखले मार्ग

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

पुलिस के लाख प्रयासों के बाद भी गोखले मार्ग में नहीं सुधर रही व्यवस्था
सोमवार को अभियान चलाने के बाद मंगलवार को फिर बिगड़ी व्यवस्थाएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सरकारी सिस्टम के लाख प्रयासों के बाद भी गोखले मार्ग की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं कर पा रहा है। हालत यह है कि सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के बाद मंगलवार को मार्ग की स्थिति पूर्व की तरह ही नजर आई। अतिक्रमण के कारण आमजन का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। ऐसे में मार्ग से गुजरने वाले व्यक्तियों को हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
गोखले मार्ग को खाली करवाने के लिए सरकारी सिस्टम कई योजनाएं बना चुका है। यही नहीं कुछ माह पूर्व मार्ग को खाली करवाने के लिए पीएसी की डेढ़ सेक्सन भी तैनात की गई थी। करीब दो सप्ताह तक पीएसी के जवानों ने अतिक्रमणकारियों पर कड़ी नजर रखी थी। जिससे शहर की यातायात व्यवस्था में काफी सुधार नजर आ रहा था। लेकिन, धीरे-धीरे व्यवस्थाएं दोबारा बेपटरी होती चली गई। प्रशासन व निगम के लाख प्रयासों के बाद भी रेहड़ी-ठेली व फड़ वालों का गोखले मार्ग से मोह नहीं छूट रहा।

सोमवार को दी थी चेतावनी
शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस ने सोमवार को गोखले मार्ग में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। अभियान के दौरान पुलिस ने अतिक्रमणकारियों को सख्त हिदायत दी। लेकिन, मंगलवार को हालत पूर्व की तरह ही नगर आए। सड़क के दोनों ओर रेहड़ी-फड की दुकानें सजी हुई थी।

हर रोज बढ़ रहे अतिक्रमणकारी
गोखले मार्ग पर हर रोज अतिक्रमण कर रेहड़ी-ठेली व फड लगाने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। यह रेहड़ी-ठेली वाले कहां से आते हैं इस बारे में न ही पुलिस के पास कोई जानकारी है और न ही नगर निगम के पास। जबकि, पूर्व में मार्ग पर कई बार टप्पेबाजी की घटनाएं भी हो चुकी है। ऐसे में यदि कोई बड़ी घटना हुई तो पुलिस के हाथ खाली ही रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!