-लाल किले के आसपास सुबह 4 से 10 बजे तक आम वाहनों का प्रवेश बंद, दिल्ली मेट्रो सुबह 4 बजे से चलेगी
नई दिल्ली , राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश में शनिवार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का 80वां आयोजन धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे। स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए गए हैं। राजधानी में कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि कई मार्गों पर यातायात का मार्ग परिवर्तन किया जाएगा।
दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को सुबह 4 बजे से सुबह 10 बजे तक लाल किले के आसपास विशेष यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। इस दौरान आम वाहनों को इन मार्गों पर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।दिल्ली गेट से छत्ता रेल चौक, दिल्ली डाकघर से छत्ता रेल चौक, एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक, फाउंटेन चौक से लाल किला तथा रिंग रोड से नेताजी सुभाष मार्ग की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा रिंग रोड पर राजघाट से अंतरराज्यीय बस अड्डा कश्मीरी गेट के बीच भी यातायात बंद रहेगा।
यातायात पुलिस ने सी-हेक्सागन, इंडिया गेट, कोपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस-तिलक मार्ग, मथुरा रोड, नेताजी सुभाष मार्ग, नेहरू मार्ग, निजामुद्दीन और सलीमगढ़ बाईपास होते हुए बाहरी रिंग रोड तक आने-जाने से बचने की सलाह दी है।
यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। अरबिंदो मार्ग से सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, सरदार पटेल मार्ग, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड होते हुए आगे जाया जा सकेगा। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-24, राष्ट्रीय राजमार्ग-9 से निजामुद्दीन और बारापुल्ला मार्ग का भी उपयोग किया जा सकेगा।
दिल्ली-नोएडा सीधा फ्लाईओवर के रास्ते रिंग रोड तक पहुंचने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर भी विशेष प्रतिबंध लगाया गया है। शुक्रवार, 14 अगस्त की मध्यरात्रि से शनिवार, 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा और वजीराबाद पुल के बीच मालवाहक वाहनों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
इसके अलावा इस अवधि में अंतरराज्यीय बसों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध रहेगा। महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डे और सराय काले खां अंतरराज्यीय बस अड्डे के बीच बसों का संचालन नहीं किया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने वाले विशेष अतिथियों, आमंत्रितों और आम लोगों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल सेवा शनिवार को सुबह 4 बजे से शुरू होगी। नियमित सेवाएं शुरू होने तक सभी मेट्रो मार्गों पर ट्रेनें शुरुआती चरण में 30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी।
रक्षा मंत्रालय की ओर से आमंत्रित व्यक्तियों के लिए दिल्ली मेट्रो ने करीब 1.30 लाख विशेष पूर्व-विक्रित क्यूआर टिकट उपलब्ध कराए हैं। इससे समारोह में शामिल होने वाले लोगों को लाल किले तक पहुंचने में सुविधा होगी।
दिल्ली परिवहन की बस सेवाएं सुबह 11 बजे के बाद सामान्य रूप से शुरू होने की उम्मीद है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। आतंकी धमकियों और पूर्व की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने राजधानी में निगरानी बढ़ा दी है। प्रमुख स्थानों के साथ-साथ संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है।
पुलिस की ओर से लगातार गश्त, वाहनों की जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए अभ्यास भी किए जा रहे हैं। ड्रोन के माध्यम से भी संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है।
दिल्ली के बाजारों, बड़े वाणिज्यिक केंद्रों, होटलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर प्रवेश और निकास द्वारों की विशेष निगरानी की जा रही है। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ ही भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रख रही है।
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर दिल्ली से सटे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। दिल्ली की सीमाओं पर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।