महिलाएं सकारात्मक होकर अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करें, सरकार करेगी सहयोग
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के बनाए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति को सकारात्मक होकर, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना होगा, सरकार पूरी तरह उनके साथ है।

शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में मातृशक्ति संवाद एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं से सीधा संवाद किया, जिसमें महिलाओं ने विभिन्न सरकारी योजनाओं पर अपने विचार रखे साथ ही सुझाव दिए। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं में कौशल और उद्यमिता विकास से लेकर उनके बनाए उत्पादों का वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसके लिए मुख्यमंत्री उद्यमशाला जैसी योजना लागू की गई है। महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने के लिए आसान लोन उपलब्ध कराया जा रहा है। महिला स्वयं सहायता समूहों को बड़े कारोबारी समूहों के रूप में विकसित करने के सुझाव पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, सरकार इसके लिए मुख्यमंत्री सशक्त बहना योजना, संचालित कर रही है। साथ ही उत्तराखंड की महिलाओं के तैयार विशिष्ट उत्पादों को हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड के जरिए नई पहचान दी गई है। अब सरकार देहरादून के सहस्रधारा रोड पर एक बड़ा सेंटर विकसित कर रही है, जहां सभी 13 जिलों की महिलाओं के बनाए विशिष्ट उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से प्रदेश की महिलाएं सिलाई, बुनाई से लेकर कारखाना चलाने तक में सक्षम हो रही हैं। महिलाओं को सकारात्मक होकर, अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना होगा, सरकार पूरी तरह उनके साथ है। इस अवसर पर विधायक दलीप रावत, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अंथवाल, नेहा शर्मा, किरण भट्ट, डॉ. प्राची कंडवाल एवं मातृशक्ति उपस्थित थी।