लकड़ी मंडी से विरोध के बीच अतिक्रमण हटाने शुरू
रुद्रपुर। वन विभाग ने शुक्रवार को साल बोझी से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू कर दिया है। इस दौरान वन कर्मियों को महिलाओं के विरोध का भी सामना करना पड़ा। अतिक्रमण हटाने के लिए खटीमा के अलावा अन्य क्षेत्रों से भी वन कर्मी बुलाए गए थे। रेंजर आरएस मनराल ने बताया कि विरोध के बावजूद अतिक्रमण हटा दिया गया है। जो शेष है, उसे शनिवार को भी हटाया जाएगा।
हाईकोर्ट के आदेश पर साल बोझी में अतिक्रमण हटाने का काम चल रहा है। गुरुवार को वन विभाग द्वारा लकड़ी व्यवसायियों को जारी की गई समय सीमा समाप्त हो गई। शुक्रवार को एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट टीम के साथ यहां मौजूद रहे। साथ ही सुरई रेंज, किलपुरा रेंज, जोलासाल, बराकोली रेंज के वन कर्मियों की टीम भी यहां मौजूद रही। रेंजर मनराल के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने का अभियान चला, जिसका महिलाओं ने विरोध किया। विरोध के बावजूद सभी कच्चे अवैध निर्माण हटा दिए गए हैं। लकड़ी व्यापारियों का भी एक-एक कच्चा निर्माण गिरा दिया गया है। शेष निर्माण शनिवार को गिराया जाएगा। हंगामा बढ़ने पर मौक पर पहुंचे एसडीएम ने कहा कि 2013 में उच्च न्यायालय ने अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे। अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किए गए थे। इस मामले में दोबारा एक जनहित याचिका दायर की गई है। उस याचिका पर हाईकोर्ट ने दोबारा अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए। इसके नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाया जा रहा है। वन क्षेत्र में पक्के और कच्चे सभी तरह के निर्माण हटाए जाएंगे।