संगठन की मजबूती का लिया संकल्प
बहुजन समाज पार्टी की ओर से आयोजित की गई बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया है। इस दौरान पार्टी को बूथ स्तर से मजबूत करने का निर्णय लिया गया।
रविवार को सिम्मलचौड़ स्थित कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव व गढ़वाल लोक सभा प्रभारी डा. नाथीराम ने कहा कि बसपा गढ़वाल में पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए जनता के बीच जाकर कार्य कर रही है। पार्टी आम जन मानस की समस्याओं पर मंथन करते हुए वंचित, शोषित व पीडित गरीबों की आवाज बनकर उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए संकल्पित है। कहा कि राज्य निर्माण के बाद से ही सत्ता पर काबिज भाजपा-कांग्रेस ने राज्य निर्माण की मूल अवधारणा को ध्वस्त कर भ्रष्टाचार और प्रदूषित राजनीति का माहौल बनाकर पहाड़ की भोली-भाली जनता को छलने का कार्य किया है। इन सब समस्याओं से जनता को छुटकारा दिलाने के लिए पार्टी को मजबूती दिलानी आवश्यक है, जिसके लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। बैठक में विकास आर्य, शिव कुमार, सतीश प्रकाश, हरीश चंद्र, विकास चौधरी और सुभाष चंद्र आर्य सहित पार्टी के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे