बेस अस्पताल के 18 कर्मचारियों को करें बहाल

Spread the love

-यूथ कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, कर्मचारियों को हटाने पर जताया रोष
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार के राजकीय बेस चिकित्सालय से 18 अस्थायी कर्मचारियों की सेवा समाप्त किए जाने पर यूथ कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने आक्रोश जताया है। यूथ कांग्रेस ने कर्मचारियों को शीघ्र बहाल करने की मांग की है।
शनिवार को यूथ कांग्रेस कार्यकत्र्ता कोटद्वार विधानसभा अध्यक्ष विजय रावत के नेतृत्व में तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने बेस चिकित्सालय से सेवा से हटाए गए कर्मचारियों को बहाल करने की मांग को लेकर उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। साथ ही बेस अस्पताल के सीएमएस को पत्र भेज जल्द से जल्द उक्त कर्मचारियों को फिर से सेवा में रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय में कोरोना काल में ईमानदारी से अपनी सेवाएं देने वाले और विपरीत परिस्थितियों में जनता के संकट मोचक बनकर रहने वाले 18 अस्थायी कर्मचारियों की सेवाएं अचानक समाप्त कर दी गई हैं, जिससे अस्पताल में कई परेशानियों हो रही हैं। बेस अस्पताल में पहले से ही स्टाफ की भारी कमी है, ऐसे में इन कर्मचारियों को हटाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मामले पर जन प्रतिनिधि भी चुप्पी साधे हुए हैं। कहा कि सरकार और अस्पताल प्रशासन की मनमानी का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित को देखते हुए इस समस्या पर जल्द संज्ञान लेने की मांग की। साथ ही कहा कि जल्द ही समस्या का निस्तारण नहीं हुआ तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। इस मौके पर जिला महासचिव मनीष चौहान, विधान सभा महासचिव सागर राजपूत, आकाश नेगी, नीरज बहुगुणा, दिव्यांश, हिमांशु बहुखंडी, मुकुल नेगी, बाबी बिष्ट, अनुराग, धीरेंद्र बिष्ट, सुदर्शन रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *