रोडवेज में वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि पर वार्ता विफल

Spread the love

हल्द्वानी। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ट्रैफिक शाखा काठगोदाम वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि समेत 10 सूत्रीय मांगों पर क्षेत्रीय प्रबंधक के साथ लगातार दूसरे दिन वार्ता विफल हो गई। इसके बाद कर्मचारियों का धरना जारी रहा। इस दौरान कर्मचारियों ने रोडवेज प्रबंधन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। मंगलवार रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद काठगोदाम शाखा का प्रतिनिधि मंडल आरएम यशपाल सिंह से मिला। इस दौरान कर्मचारियों की आरएम से वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि के मामले में परिषद और अधिकारियों के बीच सहमति नहीं बनी। इसके बाद परिषद ने धरना जारी रखा। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि काठगोदाम डिपो में कर्मचारियों को वार्षिक गोपनीय प्रविष्टि देते समय अनियमितता बरती गई है, प्रबंधन को इसकी जांच करानी चाहिए। कर्मचारियों ने मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। यहां क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह अधिकारी, शाखा अध्यक्ष जगदीश कांडपाल, शाखा मंत्री आन सिंह जीना, संगठन मंत्री पुष्कर सिंह मेहरा, कोषाध्यक्ष बिशन सिंह चंद, संजय लाल वर्मा, नवीन रावत, विजय अधिकारी, श्याम सिंह आदि मौजूद रहे।
कर्मचारियों की मांगें
कर्मचारियों का तीन माह का वेतन भुगतान हो।
कर्मचारियों की छंटनी का आदेश वापस हो।
हल्द्वानी में काठगोदाम डिपो के वाहनों के लिए सुपरवाइजर रखें।
संविदा-विशेष श्रेणी चालक-परिचालक भी रोटेशन पर लगाएं।
बदहाल कार्यालयों की मरम्मत की जाए।
डिपो में सैनेटाइजेशन-मास्क व्यवस्था हो।
कैश रूम में चौकीदारों की व्यवस्था की जाए।
डिपो में अनियमिताओं पर अंकुश लगाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *