रामनगर में होगी केंद्रीय विद्यालय की स्थापना
हल्द्वानी। रामनगर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना होगी। इसके लिए विधायक दीवान सिंह बिष्ट की ओर से केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय को भेजे प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। अब स्कूल के लिए पीरूमदारा में उपयुक्त जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। सोमवार रामनगर विधायक दीवान बिष्ट ने बताया कि रामनगर में केंद्रीय स्कूल बनने के बाद शिक्षा का बेहतर माहौल बनेगा। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बच्चों को बाहर जाना नहीं पड़ेगा। विधायक ने उम्मीद जताई कि जल्द ही भूमि चुनकर स्कूल निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। बिष्ट ने बताया कि इसके लिए उन्होंने मानव संसाधन मंत्रालय (अब शिक्षा मंत्रालय) को प्रस्ताव भेजा था।
सांसद कोटे से भी प्रवेश होगा: विधायक दीवान बिष्ट ने बताया कि रामनगर में बन रहे केंद्रीय स्कूल में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के दाखिले सांसद कोटे से भी मिलेंगे। इस स्कूल में सभी विषय उपलब्ध होंगे, जिनके लिए पर्याप्त शिक्षक तैनात किए जाएंगे। बिष्ट ने बताया कि केंद्रीय स्कूल में प्रवेश से पूर्व छात्र-छात्राओं को लिखित टेस्ट पास करना होगा।
पीरूमदारा को मिलेगी पहचान: रामनगर विधायक दीवान बिष्ट ने बताया कि सरकार से केंद्रीय स्कूल बनाने की सैद्वांतिक मंजूरी के बाद रामनगर प्रशासन के अधिकारियों को जल्द भूमि चयन करने के निर्देश दिए गए हैं। रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में स्कूल खुलने के बाद इसकी शिक्षा क्षेत्र में अलग पहचान बनेगी।