सफाई कर्मचारियों को मिले आवासों का मालिकाना हक
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ ने सफाई कर्मियों को निकायों में आवंटित आवासीय भवनों का मालिकाना हक दिए जाने की मांग की है। साथ ही सफाई कर्मियों के पद नाम पर्यावरण मित्र को संशोधित करते हुए सफाई सैनिक किए जाने की मांग भी की है।
देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को ज्ञापन भेजा। संघ के नगर अध्यक्ष राहुल टांक ने कहा कि संगठन लंबे समय से स्थानीय निकायों व सरकारी संस्थानों में सफाई कार्य का ठेका व्यवस्था समाप्त किए जाने की मांग कर रहा है। सफाई कर्मियों के स्थाई पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करते हुए सफाई कर्मियों को नियमित किया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों को स्वास्थ्य बीमा के साथ ही राज्य कर्मियों की भांति भत्ते भी दिए जाएं। संघ के नगर महामंत्री राजू रीडियान व नगर उपाध्यक्ष सुनील राजवंशी ने कहा कि सरकार सफाई कर्मियों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही है। प्रशासन व सरकार की उपेक्षा के चलते सफाई कर्मियों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्यवाही नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।