सहसपुर में क्वारंटाइन सेंटर हटाने की मांग

Spread the love

संवाददाता, विकासनगर। कांग्रेस ने सहसपुर ब्लॉक के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में क्वारंटाइन सेंटरों को हटाये जाने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम पंचायत कंडोली में धरना- प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार ने क्षेत्र में जगह-जगह क्वारंटाइन सेंटर तो खोल दिए। लेकिन उनमें कोई व्यवस्था नहीं की। जिसका खामियाजा क्षेत्र की ग्रामीण जनता को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संजय किशोर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कंडोली ग्राम पंचायत घर पर धरना-प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार ने मांडूवाला, कोटडा संतोर, झाझरा, सुद्धोवाला, धूलकोट आदि क्षेत्रों में जगह-जगह बाहर से आने वाले प्रवासियों के लिए क्वारंटाइन सेंटर बनाये हैं। जिनमें बाहरी क्षेत्रों से आने वाले प्रवासियों को क्वारंटाइन किया गया है। लेकिन प्रशासन ने इन क्वारंटाइन सेंटरों के आसपास के गांवों में में सेनेटाइजिंग की कोई व्यवस्था नहीं की है। क्वारंटाइन किये गये लोग कई बार सही देखभाल न होने के कारण खुले में घूमते रहते हैं। आबादी क्षेत्रों में बनाये गये इन क्वारंटाइन सेंटरों से लोगों के लिए संक्रमण का खतरा बना हुआ है। धरना प्रदर्शन करने वालों में कांग्रेस के सहसपुर ब्लॉक अध्यक्ष मेघसिंह, पूर्व प्रमुख रंजीता असवाल तोमर, ग्राम प्रधान मुकेश कुमार, सुधीर पंचवान, शैलेश थापली, क्षेत्र पंचायत सदस्य कंचन,राजकुमार, रोहित कुमार,देवी सिंह नेगी,नरेश गांधी,राकेश चौधरी,अनिल कुमार,रोहित, सौरभ असवाल, फरीद, इमरान, सुरेन्द्र सिंह तोमर आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *