समय पर तय होगा मुख्यमंत्री का चेहरा, भाजपा नहीं छू पाएगी दहाई का आंकड़ा : भंडारी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। प्रदेश के पूर्व काबीना मंत्री व कांग्रेस के जिला प्रभारी पौड़ी राजेंद्र भंडारी ने यहां पत्रकारों से वार्ता के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा समय पर तय होगा। हर कार्यकर्ता को अपना पक्ष रखने का अधिकार है। कांग्रेस में लोकतंत्र को महत्व दिया जाता है। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि सरकार जनता की आवाज को तानाशाही व राजशाही अंदाज में दबा रही है। लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता सत्ता के जोरजुर्म के आगे झुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता त्रस्त है। कांग्रेस 2022 में भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी। भंडारी ने दावा किया कि भाजपा विधानसभा चुनाव 2022 में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाएगी।
सोमवार को जनपद मुख्यालय पौड़ी में पत्रकार वार्ता में पूर्व काबीना मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि कांग्रेस एक बूथ पर 10 यूथ कार्यक्रम के तहत संगठन को मजबूत बनाने में जुटी है। पार्टी कार्यकर्ता गांव के आखिरी व्यक्ति तक संगठन की रीति-नीति पहुंचाएगा। पार्टी ने बूथ, न्याय पंचायत, ब्लाक, जिला व राज्य स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए जिम्मेदारियां सौंपी हैं। कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता से राय शुमारी भी करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी को बढ़ावा दे रही है। छात्र, किसान, व्यवसायी हर वर्ग परेशान है। पूर्व काबीना मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नीतियों, मुद्दों व सिद्घांतो के आधार पर जनता के द्वार जाएगी। प्रदेश व केंद्र सरकार की विफलताएं जन-जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक विशाल संगठन है। यहां प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार है। पार्टी में प्रतिस्पर्धा को विवाद का नाम नहीं दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आयरन लेडी व पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के निधन पर उमड़ा जनसैलाब आज एक बार फिर पौड़ी में नजर आ रहा है। आम आदमी आज डरा हुआ है। वह अपनी बात नहीं कह पा रहा है। जो भी आवाज उठा रहा है, उसे मुकदमें, दबिश व डंडे के बल पर डराया, धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश व केंद्र सरकार की जनविरोधी कार्यशैली का जवाब कांग्रेस को भारी बहुमत से सत्ता में लौटाकर देगी। इस अवसर पर चुनाव संचालन समिति के समन्वयक मनीष खंडूड़ी, प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश गोदियाल, जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा, केशर सिंह नेगी, प्रदेश सचिव प्रदीप तिवाड़ी, पालिकाध्यक्ष श्रीनगर पूनम तिवाड़ी, नवीन जोशी, सरिता नेगी, सुनील लिंगवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *