सड़कों पर रेंगते रहे वाहन, पुलिस ने बहाया पसीना

कर्णप्रयाग। धनतेरस पर दिनभर लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। अलग-अलग स्थानों पर जाम लगने से वाहन रेंगरेंग कर आगे बढ़ रहे थे। पुलिस के अधिकारी और जवानों को ट्रैफिक बहाल रखने के लिए जमकर पसीना बहाना पड़ा। जाम के कारण बाजार में पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था। हाईवे पर भी लोग जाम में देर तक फंसे रहे।
शुक्रवार को धनतेरस के कारण सुबह से ही बाजार में भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। मुख्य बाजार, उमा देवी तिराहा, पेट्रोल पंप आदि स्थानों पर लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी।
वहीं बढ़ते वाहनों के दबाव को झेलने में यहां की सड़कें नाकाम रहीं। खास तौर पर तिराहों पर टर्निंग प्वाइंट जाम के हॉट स्पॉट बने। ऐसे में मुख्य बाजार, पंचपुलिया और उमा देवी तिराहे पर जाम लगने से सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कोतवाली निरीक्षक विनोद थपलियाल, चौकी प्रभारी वीर पाल नेगी सहित पुलिस और होमगार्ड के जवान अलग-अलग स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था में जुटे थे लेकिन भारी संख्या में वाहनों और लोगों के होने से दिनभर जाम लगता रहा। जगह-जगह पुलिस वन वे व्यवस्था कर वाहनों को आगे भेजा। पुड़ियाणी के ग्राम प्रधान सतीश कुमार ने बताया कि वे सामान लेने यहां पहुंचे थे लेकिन एक छोर से दूसरे छोर तक पहुंचने में कई घंटे लग गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *