सर्द मौसम में बढ़े सर्वाइकल, घुटने और कमर दर्द के मरीज

हरिद्वार। कड़ाके की ठंड ने जहां जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं इसका असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। सर्दी बढ़ते ही सर्वाइकल, घुटने-जोड़ और कमर दर्द के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मेला अस्पताल के फिजियोथैरेपी कमरे में रोज बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज द्विवेदी के अनुसार, सर्द मौसम में मांसपेशियां अकड़ जाती हैं, जिससे पुरानी समस्याएं उभर आती हैं। यह समस्या खासतौर पर बुजुर्ग, लंबे समय तक बैठकर काम करने वाले कर्मचारियों और महिलाओं में अधिक देखी जा रही है। सुबह के समय ठंड अधिक होने से दर्द की शिकायत और बढ़ जाती है। फिजियोथैरेपी कमरे में मरीजों को हीट थैरेपी और एक्सरसाइज समेत तमाम उपायों से राहत दी जा रही है। डॉ. द्विवेदी ने सलाह दी है कि, ठंड में शरीर को पूरी तरह ढककर रखें, खासकर गर्दन और कमर को। नियमित हल्की स्ट्रेचिंग, गुनगुने पानी से स्नान और सिकाई लाभकारी है। लंबे समय तक एक ही मुद्रा में न बैठें और दर्द अधिक होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। नियमित दिनचर्या और सतर्कता से सर्दी में होने वाले दर्द से काफी हद तक बचा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *