सर्वोदय चौक : बढ़ता जा रहा जनता में आक्रोश

Spread the love

-लाल बत्ती चौक का नाम सर्वोदय चौक करने को लेकर कई संगठन आ रहे सामने
-अब ग्रामीण विकास नागरिक विचार मंच ने दी आंदोलन की चेतावनी
-कहा, लाल बत्ती चौक पर जल्द से जल्द लगाया जाए सर्वोदय चौक का बोर्ड
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शासनादेश का मजाक बनाते हुए लाल बत्ती चौक का नियम विरुद्ध नामकरण करने और वीर बाला तीलू रौतेली के अपमान से जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नगर निगम कोटद्वार की इस मनमानी के विरोध में अब ग्रामीण विकास नागरिक विचार मंच ने आवाज उठाई है। मंच ने चेतावनी दी है कि जल्द से जल्द लाल बत्ती चौक पर शासनादेश के अनुसार सर्वोदय चौक का बोर्ड नहीं लगाया गया तो वह उग्र आंदोलन करेंगे।
सोमवार को उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देते हुए ग्रामीण विकास नागरिक विचार मंच के अध्यक्ष प्रवेश चंद्र नवानी ने कहा कि नगर निगम कोटद्वार की ओर से लाल बत्ती चौक पर वीर बाला तीलू रौतेली के नाम का बोर्ड लगाया गया है। जबकि पूर्व में जारी शासनादेश के अनुसार लालबत्ती चौक का नाम सर्वोदय चौक किया गया है। उन्होंने कहा कि वीर बाला तीलू रौतेली गढ़वाल का गौरव हैं और उन्हें सम्मान अवश्य दिया जाना चाहिए, लेकिन इस तरह शासनादेश की अवहेलना करके नहीं। कहा कि नगर निगम कोटद्वार की इस मनमानी के कारण आमजन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जल्द ही लालबत्ती चौक पर सर्वोदय चौक का बोर्ड नहीं लगाया गया तो वह जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। इस मौके पर मंच के संरक्षक डॉ. चंद्रप्रभा कंडवाल, शिव प्रकाश कुकरेती, प्रकाश कोठारी, महासचिव जनार्दन प्रसाद ध्यानी, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

जनता की आवाज को प्रमुखता से उठा रहा ‘दैनिक जयन्त’
बता दें कि बीते दिनों नगर निगम की महापौर हेमलता नेगी ने लाल बत्ती चौक पर वीर बाला तीलू रौतेली के नाम के बोर्ड का अनावरण किया था। हालांकि, इस चौक का नाम पूर्व में सर्वोदय चौक किया जा चुका है और इसका शासनादेश भी जारी हो चुका है। लाल बत्ती चौक का नाम सर्वोदय चौक करने के निर्देश स्वयं तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दिए थे, लेकिन नगर निगम कोटद्वार ने मुख्यमंत्री के निर्देशों का ही मजाक बनाकर रख दिया। शासनादेश का मजाक बनाने, वीर बाला तीलू रौतेली के नाम को विवाद में डालने और महात्मा गांधी, विनोबा भावे व सर्वोदयी सेवक स्व. मान सिंह रावत के त्याग को भुलाने के विरोध में नगर के विभिन्न संगठन आवाज उठा रहे हैं। जनता की इस आवाज को ‘दैनिक जयन्त’ समाचार पत्र प्रमुखता से प्रकाशित कर रहा है और आगे भी जनता की हर समस्या के निस्तारण को उनके साथ खड़ा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *