फिर लौटने लगे प्रवासी, बार्डर पर हुई यात्रियों की स्क्रीनिंग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
कोरोना की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है। कोरोना संक्रमण के कारण महानगारों से गांवों की ओर आने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई प्रवासी गांव पहुंच रहे है। पौड़ी जनपद में अधिकांश प्रवासी कोटद्वार से होकर जा रहे है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी जांच कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बाहर से आने वाले प्रवासियों की कौड़िया चेक पोस्ट पर जांच की जा रही है।
पौड़ी जनपद के कई गांवों से युवा देश के अनेक राज्यों में जाकर रोजगार करते है। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश में सख्ती बरती जा रही है। कई राज्यों में कोरोना कफ्र्यू लगाया गया है। 3 मई तक कोटद्वार नगर निगम में कोरोना कफ्र्यू लगाया गया है। पिछले साल केंद्र सरकार ने अचानक से लॉकडाउन की घोषणा कर दी थी। कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति और राज्य सरकारों की सख्ती से लोगों में डर बना हुआ है कि कहीं इस वर्ष भी अचानक कहीं लॉकडाउन की घोषणा न हो जाय। लॉकडाउन के भय से कई प्रवासी महानगरों से अपने घर लौट रहे है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन सर्तक हो गया है। गत बुधवार को जिलाधिकारी पौड़ी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदेण्डे ने कौड़िया चेक पोस्ट का निरीक्षण किया था। इस दौरान जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारी को निर्देशित करते हुए बाहर से आ रहे लोगों की सैंपलिंग के बाद उनके हाथ पर स्याही लगाने को कहा था। साथ ही वहां पर लोगों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, पीने के पानी की व्यवस्था, पंखे की व्यवस्था एवं डस्टबिन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिये थे। गुरूवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कौड़िया चेक पोस्ट पर बाहर से आने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। साथ ही बाहर से आने वाले लोगों के बारे में आवश्यक जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *