सोंग नदी में फंसे दो लोगों को एसडीआरएफ ने बचाया

देहरादून। रायपुर में दो सौ बीघा कॉलोनी के पीछे सौंग नदी में सोमवार सुबह अचानक तेज हुए बहाव में दो मजदूर फंस गए। रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसडीआरएफ ने रस्सों के सहारे तेजी से रेस्क्यू कर दोनों मजदूरों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला। रायपुर थानाध्यक्ष प्रदीप नेगी ने बताया कि विधायक उमेश शर्मा ने सोमवार सुबह सूचना दी। बताया कि दो सौ बीघा में ओएसिस स्कूल के पीछे सोंग नदी में अचानक अधिक पानी आने से दो मजदूर फंस गए हैं। सूचना पर वह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ को बुलाया। नदी में तेजी से पानी का बहाव बढ़ रहा था। एसडीआरएफ टीम दरोगा सुरेंद्र सिंह नेतृत्व में मौके पर पहुंची। तेजी से रस्सी डालकर दोनों मजदूरों को बाहर निकाला। इनकी पहचान नीतीश कुमार उम्र बीस वर्ष निवासी भेरखीयां थाना इकरा जिला पूर्वी चंपारण और पिंकू यादव उम्र 23 वर्ष निवासी बरेठा थाना बनियापुर जिला सारंग बिहार के रूप में हुई। दोनों सोमवार सुबह नदी किनारे बाढ़ सुरक्षा कार्य में मजदूरी कर रहे थे। इस दौरान घूमने के लिए नदी में गए, तभी अचानक बहाव बढ़ गया था।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *