सुरक्षा बलों ने कुलगाम में मार गिराए दो आतंकी, दोनों बिहार के दो मजदूरों की हत्या में थे शामिल

Spread the love

श्रीनगर , एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम ने बुधवार को सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकियों को मार गिराया है। इनमें से एक की पहचान जिला कमांडर गुलजार अहमद रेशी के तौर पर हुई, जबकि दूसरे की शिनाख्त की जा रही है। आईजीपी कश्मीर ने बताया कि ये दोनों रविवार को बिहार के दो मजदूरों की हत्या में शामिल थे। वहीं किश्तवाड़ से सुरक्षा बलों ने एक लश्कर के आतंकी को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान उसके पास से एक ग्रेनेड बरामद हुआ है। फिलहाल उससे पूछताछ चल रही है।
घाटी में बुधवार का दिन सुरक्षा बलों के लिए काफी कामयाबी भरा रहा। कुलगाम से पहले शोपियां जिले के चीरबाग द्रगाड इलाके में भी दो आतंकियों को ढेर किया गया। खुफिया एजेंसी से मिले इनपुट के बाद पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। सुरक्षा बलों से खुद को घिरता देख आतंकियों ने फायरिंग झोंक दी। इसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो आतंकी मारे गए। हालांकि इससे पहले सुरक्षाबलों ने आतंकियों से आत्मसमर्पण करने के लिए कहा था, लेकिन आतंकी लगातार सुरक्षाबलों पर गोलीबारी करते रहे।
आईजीपी कश्मीर ने कहा कि शोपियां में मारे गए आतंकी की पहचान आदिल आह वानी के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि वह पुलवामा में एक मजदूर की हत्या में शामिल था। दो हफ्ते में अब तक 15 आतंकियों को ढेर किया जा चुका है।
कश्मीर में आतंकियों के खत्मे को लेकर सुरक्षाबलों का प्रहार लगातार जारी है। सुरक्षाबलों ने अक्तूबर के शुरूआती 12 दिनों के भीतर सात मुठभेड़ में आठ आतंकियों को मार गिराया, जो अलग-अलग आतंकी संगठनों से संबंधित थे। इनमें से ज्यादातर अपरेशन दक्षिण कश्मीर में हुए हैं और आठ आतंकियों में से सात को दक्षिण-कश्मीर के शोपियां और अनंतनाग जिले में मार गिराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *