संसद में पहले आत्मदाह की थी प्लानिंग, सदन सुरक्षा सेंध प्रकरण में पांचों आरोपियों का पूछताछ में खुलासा

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी। संसद की सुरक्षा में सेंध मामले में दिल्ली पुलिस ने एक और आरोपी महेश कुमावत को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल छह की गिरफ्तारी हो चुकी है। इस बीच जांच टीम ने जले हुए मोबाइल के अवशेष, आरोपियों के कपड़े और जूते भी बरामद कर लिए हैं। महेश कुमावत को गिरफ्तारी के बाद दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने कुमावत को सात दिनों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने 15 दिनों की रिमांड मांगी थी।
उधर, गिरफ्तार पांचों आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि उन्होंने लोकसभा में कूदकर धुआं उड़ाने की योजना पर सहमति बनाने से पहले आत्मदाह करने और पर्चे बांटने जैसे विकल्पों पर भी विचार किया था। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब बीजेपी सांसद प्रताप सिम्हा का बयान भी दर्ज करेगी, जिनकी सिफारिश पर घुसपैठियों को संसद में प्रवेश का इजाजत मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *