रुड़की। गोपालपुर गांव में शुक्रवार देररात उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बाहर तालाब के पास एक पेड़ के नीचे युवक का शव पड़ा मिला। युवक सौरभ अपने मामा के यहां गोपालपुर आया हुआ था। परिजनों के अनुसार सहारनपुर के करेसनी गांव निवासी 25 वर्षीय सौरभ शुक्रवार सुबह अपने मामा के साथ काम पर गया था। रात को वापस लौटने के बाद सभी ने साथ में खाना खाया और रोज की तरह सोने की तैयारी में जुट गए। देररात मामा के मोबाइल पर एक ग्रामीण का फोन आया। उसने तालाब के पास सौरभ का शव पड़े होने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, जहां शव देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।