अर्शदीप सिंह ने आईपीएल में पूरे किए 100 विकेट, प्लेयर ऑफ द मैच भी बने

Spread the love

नईदिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 24वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 100 विकेट पूरे कर लिए और ऐसा करने वाले पंजाब किंग्स के पहले गेंदबाज बने हैं। अर्शदीप ने मुंबई इंडियंस के रयान रिकेल्टन को आउट कर यह खास मुकाम हासिल किया। मैच के बाद उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। उनकी टीम को 7 विकेट से जीत मिली।
पंजाब किंग्स के लिए अर्शदीप ने पहला मुकाबला 2019 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 87 मुकाबले खेले हैं और इसकी 86 पारियों में 26.87 की औसत से 102 विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 2 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल लिया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/32 का रहा है। अर्शदीप के बाद पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट पीयूष चावला ने लिए हैं। उन्होंने 87 पारियों में 26.63 की औसत से 84 विकेट चटकाए थे।
मैच में अर्शदीप ने 4 ओवर गेंदबाजी की और 22 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 5.50 की रही। उनके अलावा मार्को यानसन और शशांक सिंह को 1-1 विकेट मिले।
पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। उनका ये फैसला सही साबित हुआ और 12 रन पर मुंबई इंडियंस के 2 बल्लेबाज पवेलियन में थे। हालांकि, इसके बाद क्विंटन डिकॉक ने शानदार शतकीय पारी (112*) खेली। नमनधीर के बल्ले से 50 रन निकले। मुंबई इंडियंस ने 195/6 का स्कोर बनाया। जवाब में पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर (66) और प्रभसिमरन सिंह (80*) की शानदार पारियों के दम पर 16.3 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *