जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : मुख्यालय स्थित अस्पताल में ऑपरेशन के बाद देहरादून रेफर हुई प्रसूता की मौत के मामले में पति ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग उठाई है। वहीं, रजनीश के साथ कोतवाली पहुंचे शहरवासियों ने घटना की निंदा करते हुए मामले की जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग उठाई। वहीं सीएमओ का कहना है कि जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है।
शुक्रवार को मृतका के पति रजनीश लिंगवाल ने पुलिस को तहरीर सौंपी। आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के चलते उन्होंने पत्नी और नवजात को खो दिया। उन्होंने कहा कि पौड़ी में पहले ही स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल हैं। ऐसे में एक निजी अस्पताल के खुलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन इस घटना ने निजी अस्पताल की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि बीते मंगलवार को सुबह 10.30 से 11 बजे चिकित्सकों ने गर्भवती का ऑपरेशन किया था। अधिक रक्तस्राव होने के चलते चिकित्सकों ने प्रसूता को देहरादून रेफर किया था जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। वहीं, सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि निजी अस्पताल में प्रसूता और नवजात की मौत की जांच के लिए एनएचएम की टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर जिपं सदस्य अनुज कुमार, विनोद दनौसी, मोहित सिंह, मुकुल कुमार आदि मौजूद रहे।