पुलिस जवानों के ग्रेड पे मामले में कोई कार्यवाही न होने पर के आक्रोशित हैं परिजन
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। पुलिस जवानों के ग्रेड पे मामले मे कोई कार्यवाही न होने पर पुलिस जवानों के परिजनों ने आक्रोश जताया है। परिजनों का कहना है कि अब अपने पाल्यों के समर्थन में उन्हें ही सड़क पर उतरना पड़ेगा। इसके लिए पुलिस कर्मियों के परिजन एकजुट हो रहे हैं।
पुलिस कमिर्यों के ग्रेड पे मामले में अब परिजन मुखर होने लगे हैं। परिजनों का कहना है कि सरकार व विभाग के उच्चाधिकारी पुलिस कर्मियों की अनदेखी कर रहे हैं। जिससे पुलिस कर्मियों के मनोबल पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। परिजनों ने यह भी कहा कि इतना सब कुछ होने के बाद भी ग्रेड पे प्रकरण से प्रभावित सभी पुलिसकर्मी पूरी तत्परता से ड्यूटी करने के साथ ही अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। परिजनों का कहना है कि पुलिसकर्मी अपने साथ हो रहे उपेक्षापूर्ण व्यवहार का विरोध नहीं कर पा रहे हैं। क्योकि पुलिस सेवा नियमावली उन्हें इस बात की अनुमति नहीं देती है। जिसके चलते अब परिजन उनके समर्थन में आंदोलन का मन बना रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जल्द ही ग्रेड पे मामले में कोई कार्यवाही नहीं हुई तो उन्हें पुलिस कर्मियों के समर्थन में सड़कों पर उतरना पड़ेगा।