तो गंगोत्री से चुनाव लड़ेंगे तीरथ, संगठन में मंथन हुआ शुरू, जल्द हो सकता है एलान

Spread the love

देहरादून , एजेंसी। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत गंगोत्री विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के मुताबिक, जिन सीटों पर मुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने की संभावना है, उनमें एक विकल्प गंगोत्री भी है।
बहरहाल, संगठन के स्तर पर उपचुनाव की तैयारी को लेकर मंथन शुरू हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की अध्यक्षता में प्रदेश महामंत्रियों की बैठक हुई। कौशिक के यमुना कलोनी स्थित सरकारी आवास पर हुई बैठक में मुख्यमंत्री के उपचुनाव को लेकर मंथन हुआ। बकौल कौशिक, शुक्रवार को एक बैठक फिर होगी, जिसमें मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, संगठन स्तर पर रखी गई दोनों बैठकों में कोरोना संक्रमण के कम होने के बाद सांगठनिक गतिविधियां और चुनावी तैयारियों में तेजी पर जोर दिया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री का उपचुनाव भी एक प्रमुख मुद्दा है। कौशिक का कहना है कि अब अनलक शुरू हो गया है, लिहाजा पार्टी ने भी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
गंगोत्री से मुख्यमंत्री के चुनाव लड़ने की संभावना पर उनका कहना है कि गंगोत्री विधानसभा से पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं। जिलाध्यक्ष व अन्य वरिष्ठ नेताओं की भी इच्छा है कि मुख्यमंत्री गंगोत्री से चुनाव लड़ें।
अगर बीजेपी में आत्मविश्वास होता तो किसी को भी सीट छोड़ने की आवश्यकता नहीं होती। मुख्यमंत्री पर दांव खेलने में हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। 2022 में क्या स्थिति होगी।
– प्रीतम सिंह,प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *