कोटद्वार-पौड़ी

श्रीनगर के पूर्व विधायक कोटवाल नहीं रहे

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि। 

पौड़ी। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन कोटवाल का हृदयगति रुकने से निधन हो गया। कोटवाल का अंतिम संस्कार शुक्रवार को उनके पैतृक घाट देवप्रयाग में किया जाएगा। भाजपा में विभिन्न दायित्वों संभाल चुके वरिष्ठ नेता के निधन पर गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, पौड़ी विधायक मुकेश कोली व पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम ने शोक व्यक्त किया है। विधायक पौड़ी मुकेश कोली ने उन्हें पार्टी का कर्मठ कार्यकर्ता व जुझारु नेता बताते हुए घर पहुंच शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।

गुरुवार सुबह करीब दस बजे जिला मुख्यालय पौड़ी के सर्किट हाउस स्थित आवास में पूर्व विधायक बृजमोहन कोटवाल की तबीयत अचानक खराब हो गई। इस पर स्वजन उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पौड़ी ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोटवाल भारतीय सेना में सेवाएं देने के बाद वर्ष 1996 में सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के बाद वह भाजपा के माध्यम से राजनीति में आए। मूलरूप से कोट ब्लॉक के कोट गांव निवासी पूर्व विधायक ने भाजपा में पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। वह जिला पंचायत सदस्य भी रहे। वर्ष 2002 में उन्होंने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक का चुनाव लड़ा। लेकिन, वह जीत नहीं पाए। वर्ष 2007 में फिर श्रीनगर विधान सभा क्षेत्र से विधायक के लिए लड़े और जीत हासिल की। कोटवाल सामाजिक कार्यों से भी जुड़े रहे। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने कोट विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरतमंदों को खाद्यान्न सामग्री भी वितरित की। निधन के दो दिन पूर्व भी उन्होंने खाद्यान्न सामग्री वितरित की थी। कोटवाल अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां व एक बेटे का भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी विजय लक्ष्मी कोटवाल कन्या जूनियर हाईस्कूल बुरांसी में प्रधानाध्यापिका के पद कार्यरत हैं।

पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा राजकुमार पोरी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य तामेश्वर आर्य, सांसद प्रतिनिधि संजय बलूनी, नगर महामंत्री भाजपा अनूप देवरानी, सामाजिक कार्यकर्ता धर्मवीर सिंह नेगी ने गहरा शोक जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!