पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने दिखाया हुनर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : भारत की जी-20 की अध्यक्षता के उपलक्ष में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. थानसिंह रावत राजकीय महाविद्यालय नैनीडांडा में एंटी ड्रग सेल एवं समाज शास्त्र विभाग परिषद द्वारा नशामुक्त भारत शीर्षक पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी-अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
छात्र-छात्राओं ने पोस्टर के जरिए नशा करने से होने वाले आर्थिक, शारीरिक, बौद्धिक, मानसिक व सामाजिक नुकसान को प्रदर्शित करने के प्रयास किए। साथ ही समाज के हर वर्ग को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। इसके साथ ही वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा जैविक खेती के माध्यम से आत्मनिर्भरता व बेहतर स्वास्थ्य विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में विजय कुमार, सहायक कृषि अधिकारी धुमाकोट ने जैविक कृषि की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने जैविक खेती से आत्म निर्भर होने के साथ ही अच्छे स्वास्थ्य के लिए जैविक खेती के महत्व के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य प्रो. बीपी उनियाल, प्रो. प्रमोद कुमार, डा. पवन कुमार, डा. विवेक केडिया, डा. हरीश चंद्र जोशी, डा. अंजना शर्मा, डा. अर्चना, डा. सत्येंद्र कुमार आदि शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन एंटी ड्रग सेल के नोडल अधिकारी डा. पवन कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *