रुद्रप्रयाग : आपातकाल स्थिति में जिला चिकित्सालय लाई गई एक महिला का सफल ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने महिला की जान बचाई है। महिला का बच्चा बच्चेदानी में न होकर फैलोपियन ट्यूब में चला गया, जिसके चलते टयूब फट गई थी। कठिन ऑपरेशन को डॉक्टरों की सूझबूझ से संपन्न किया गया जबकि समय रहते महिला की जान भी बच गई। बीते कुछ दिन पूर्व 27 वर्षीय पूनम पत्नी पंकज सिंह निवासी लंगासू जनपद चमोली को बेहोशी की हालात में जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। डाक्टरों की ओर से गहन परीक्षण के बाद जांच में पता चला कि महिला पेट में बच्चा बच्चे दानी में न होकर फैलोपियन ट्यूब में चला गया। बच्चे के बढ़ते आकार के चलते फैलोपियन ट्यूब फट गई। जिसके चलते रक्त स्राव बढ़ गया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डाक्टर ले.कर्नल सेवानिवृत्त संजीव कटारा ने महिला के ऑपरेशन की प्रक्रिया शुरू की। करीब दो घंटे तक चले इस जोखिमभरे और जटिल प्रक्रिया में डॉक्टरों की टीम ने सफल ऑपरेशन करने में सफलता पाई। अधिक खून बहने से महिला के पेट में ढाई से तीन लीटर खून भरा हुआ था। ऑपरेशन के दौरान महिला को चार यूनिट खून चढ़ाया गया। डाक्टरों की टीम की सजगता व समय रहते महिला की जान बचाई जा सकी। डाक्टर संजीव कटारा ने बताया कि महिला के पेट में करीब दो माह का बच्चा था। जो गर्भाशय में न होकर फैलोपियन ट्यूब में चला गया। जिसके चलते यह स्थिति पैदा हुई है। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति ठीक है। इस दौरान जिला चिकित्सालय के अनुवनी डाक्टर निर्देश ने अपना पूरा योगदान दिया। इसके अलावा डा. कामिनी, स्टाफ नर्स छवि, अंजू, मोना, कृपाल सिंह ने भी इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाया। (एजेंसी)