सुरेश ने मां गंगा और दुर्गेश ने सोमेश्वर से मांगा आशीष

Spread the love

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जनपद की गंगोत्री व पुरोला विधान सभा से नव निर्वाचित हुए भाजपा विधायकों ने शुक्रवार को विजय जूलूस के साथ अपने-अपने क्षेत्र के आराध्य देवी देवताओं के दरबार में पहुंचकर अपना माथा टेका। जिसमें गंगोत्री से विजय हुए भाजपा के सुरेश चौहान ने मां गंगा तो आरक्षित सीट पुरोला से विजय हुए दुर्गेश्वर लाल ने मोरी के प्रसिद्घ शिव मंदिर में पूजा अर्चना कर अपनी-अपनी कुशलता की कामना की। विधान सभा चुनाव के लिए गत गुरूवार को चुनाव परिणाम घोषित किए गए। जिसमें उत्तरकाशी जनपद के गंगोत्री सभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश चौहान,आरक्षित सीट पुरोला से भाजपा के दुर्गेश्वर लाल तथा यमुनोत्री विधान सभा से निर्दलीय प्रत्याशी संजय डोभाल ने भारी मतों से जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम घोषित होने के रिटनिँग अफसर से जीत का प्रमाण पत्र लेने के बाद तीनों नव निर्वाचित विधायकों ने सर्व प्रथम नगर क्षेत्र के प्रसिद्घ काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की और नगर में विजय जूलूस निकाला। वहीं इसके बाद अपने-अपने गृह क्षेत्रों के लिए रवाना हुए। यहां गंगोत्री के नव निर्वाचित विधायक सुरेश चौहान ने अपने समर्थकों के साथ शुक्रवार को मां गंगा के शीत कालीन प्रवास मुखबा गांव पहुंचे और मां के दरबार में शीष नवाकर मां भगवती गंगा से अपनी व क्षेत्र की कुशलता की कामना की। वहीं इसके बाद मुखबा से विजय जूलूस निकालकर अपने पैतृक गांव जामक पहुंचे और अपने आराध्य ईष्ट व ग्राम देवता के दर्शन किए। वहीं दूसरी ओर पुरोला के नव निर्वाचित विधायक दुर्गेश्वर लाल विजय जूलूस के साथ नौगांव, पुरोला होते हुए मोरी पहुंचे। जहां उन्होंने सर्व प्रथम शिव मंदिर में पूजा अर्चना की और इसके बाद सांकरी, जखोल पहुंचे। जहां पर उन्होंने देर रात्री को 22 गांव के आराध्य सोमेश्वर देवता के दर्शन किए और पान सुपारी अर्पित कर अपनी कुशलता की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *