स्वयं सेवियों ने घर पर राखियां बनाकर लोगों को बांटी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। कोरोना संक्रमण से बचाव व ग्रामीणों को स्वदेशी उत्पादों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इंटर कॉलेज परसुंडाखाल के स्वयं सेवियों ने घर पर राखियां बनाकर क्षेत्रवासियों को बांटी। इस दौरान स्वयं सेवियों ने क्षेत्रवासियों से वोकल फॉर लोकल अभियान को सफल बनाने के लिए सरकार का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए हमें विदेशी सामान का बहिष्कार कर स्वदेशी उत्पादों को खरीदना चाहिए।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की कार्यक्रम अधिकारी सुरजी नेगी के नेतृत्व में स्वयं सेवियों ने अभियान चलाया। उन्होंने विद्यालय के आसपास पड़ने वाली ग्राम सभाओं में पहुंचकर वहां रहने वाले ग्रामीणों को रक्षा सूत्र बांटे। स्वयं सेवियों ने ग्राम आयाल, बमणगांव, महरगांव, सिलेथ, रछूली, नलई व पेड़ल गांव में अभियान चलाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विमल चंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सरकार के वोकल फॉर लोकल अभियान को सफल बनाने के लिए स्वयं सेवियों की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की सुंदरता व एकता के दर्शन उनके पर्वों में दिखती है, इसलिए हमें त्योहारों में देश में निर्मित वस्तुओं को ही खरीदना चाहिए। अभियान के दौरान स्वय ंसेवियों ने ग्रामीणों को कोरोना संक्रमण के प्रति भी जागरूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *