फल-सब्जी वालों के लिए जगह निर्धारित करने की मांग की
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। स्व. सरोजनी देवी लोक विकास समिति ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर निगम क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं के निस्तारण की मांग की। समिति के अध्यक्ष ने कहा कि नगर के मुख्य मार्ग गोखले और पटेल मार्ग पर सब्जी-फल की ठेलियां व फड़ लगी होने से जहां राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं वाहनों का आवागमन भी बाधित होता है। उन्होंने कहा कि फल-सब्जी वालों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाना चाहिए।
समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि नगर में बढ़ती जनसंख्या जीएमओयू, रोडवेज, जीप, टैक्सियों व दुपहिया वाहनों के भारी दबाव से जन जीवन अस्त व्यस्त होता जा रहा है। वहीं नगर के मुख्य मार्ग गोखले मार्ग व पटेल मार्ग पर सब्जी-फल की रेहडियां से पैदल व वाहनों का आवागमन बाधित होता जा रहा है। मोटर नगर की पर्याप्त भूमि से यातायात अव्यवस्था का समाधान हो सकता है। लेकिन मोटर नगर का विवाद न्यायालय में लम्बित है। उन्होंने नगर निगम को जनहित को ध्यान में रखकर एवं व्यक्तिगत रूचि लेते हुए दमदार पैरवी करवाकर मामले के निस्तारण के प्रयास करने चाहिए। फल-सब्जी वालों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाय। ताकि पूर्व व्यवस्था के अनुसार पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों को मार्ग सुलभ हो सके। दुपहिया वाहन व निजी कारों के लिए पार्किंग व्यवस्था की जाय। उन्होंने कहा कि शमशान घर के समीप खोह नदी के तट पर नगर का कूड एकत्र होने से क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर से दूर ट्रेचिंग ग्राउंड की व्यवस्था की जाए। नगर क्षेत्र का गंदा पानी कोटद्वार से सटे जिला बिजनौर के जंगल में बहा दिया जाता है, जो कि भविष्य में बहुत बड़ी समस्या बन सकती है। उक्त समस्या के समाधान के लिए सीवर ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था की जानी चाहिए।