सिस्टम के दावे हवाई, खाली नहीं हो पाया गोखले मार्ग

Spread the love

 

सब्जी व फल विक्रेताओं से नहीं छूट रहा गोखले मार्ग का मोह
अव्यवस्थाओं के कारण बिगड़ रही शहर की यातायात व्यवस्था
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: पुलिस व नगर निगम के लाख प्रयासों के बाद भी रेहड़ी-ठेली वालों से गोखले मार्ग का मोह नहीं छूट रहा है। हालत यह है कि कुछ दिन पूर्व गोखले मार्ग से हटाए गए रेहड़ी-ठेली वालों ने दोबारा मार्ग पर अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। ऐसे में गोखले मार्ग पर लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। धरातल की स्थिति देखने के बाद भी सिस्टम आंखें मूंदकर बैठा हुआ है।
शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस ने कुछ सप्ताह पूर्व गोखले मार्ग पर अतिक्रमण हटाओं अभियान चलाया था। मार्ग पर अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी-ठेली वालों को नजीबाबाद रोड के समीप गाड़ीपड़ाव में शिफ्ट होने की चेतावनी दी गई है। पुलिस की सख्ती के बाद रेहड़ी-ठेली वालों ने गोखले मार्ग को कुछ दिन के लिए छोड़ दिया था। लेकिन, जैसे-जैसे समय बीतता गया रेहड़ी-ठेली वालों ने दोबारा गोखले मार्ग की ओर अपना रूख करना शुरू कर दिया है। नतीजा एक बार फिर अव्यवस्थाओं के कारण लोगों का गोखले मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जगह-जगह खड़ी रेहड़ी-ठेलियों के कारण हर समय सड़क हादसों का अंदेशा बना रहता है।

यह थी योजना
पुलिस की योजना थी कि गोखले मार्ग को खाली करवाने के बाद रेहड़ी-ठेली वालों को गाड़ी पड़ाव में शिफ्ट किया जाएगा। मार्ग खाली होने के बाद यहां से पर्वतीय क्षेत्रों को जाने वाले वाहनों की आवाजाही की जानी थी, लेकिन पुलिस के लाख प्रयासों के बाद भी योजना धरातल पर नहीं उतर पा रही है।

बिगाड़ रहे यातायात व्यवस्था
शहर में पिछले कुछ माह से लगातार रेहड़ी-ठेली वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। जगह- जगह सड़क किनारे खड़े रेहड़ी-ठेली वाले यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। पटेल मार्ग, स्टेशन रोड, गोखले मार्ग, नजीबाबाद रोड में सड़क किनारे खड़ी रेहडी-ठेलियों के कारण पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है।
सूना पड़ा गाड़ीपड़ाव
नजीबाबाद रोड स्थित गाड़ीपड़ाव में नगर निगम ने रेहड़ी-ठेली वालों के लिए जगह चिन्हित की हुई है। लेकिन, रेहड़ी-ठेली वाले उक्त स्थान को छोड़ पूरे दिन इधर-उधर सड़कों पर घूमते रहते हैं। ऐसे में अब गाड़ीपड़ाव सूना नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *