अल्मोड़ा। विकासखंड ताड़ीखेत में ग्राम प्रधान संगठन की नई इकाई गठित कर ली गई है। संगठन की आम बैठक में सर्वसम्मति से टाना रैली की प्रधान प्रमिला को संगठन का नया ब्लॉक अध्यक्ष चुन लिया गया। वलना के प्रधान राजेंद्र कुमार पंत सचिव चुने गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख हीरा रावत ने अध्यक्ष सहित संगठन के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठित रहकर ताड़ीखेत को आदर्श ब्लॉक का दर्जा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया। ब्लाक सभागार में आयोजित प्रधान संगठन की आम बैठक में नई कार्यकारिणी के चुनाव संपन्न कराए गए। आम सहमति से टाना रैली की प्रधान प्रमिला अध्यक्ष, विशुवा के ईश्वर प्रकाश जोशी उपाध्यक्ष, वलना के राजेंद्र पंत सचिव, पपनै कोठार के अमित उपसचिव, पोखरी के शंकर राम कोषाध्यक्ष व पिलखोली के प्रधान जयपाल सिंह संगठन सचिव चुने गए। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूल मालाएं पहनाकर बधाई व शुभकामनाएं दीं। कहा कि पंचायत प्रतिनिधि संगठित होकर ब्लॉक को विकास की नई बुलंदियों तक ले जा सकते हैं। प्रमुख ने अपनी ओर से ओर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस मौके पर कनिष्ठ उप प्रमुख पुष्कर सिंह नेगी, कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष गोपाल सिंह देव, चंदन बिष्ट, प्रह्लाद सिंह नेगी, अभिषेक बिष्ट, राजेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, शिवराज सिंह, देवेंद्र कुमार, भूपाल राम, प्रयाग राम आदि मौजूद रहे।