गोरक्षा के नाम पर राजनीति करने वालों को दुर्गा समिति दिखा रही आइना: करन

अल्मोड़ा। लॉकडाउन के बाद से नगर में लावारिस गोवंशीय पशुओं को निरंतर भोजन करा रही मां दुर्गा पूजा समिति की सेवा को सौ दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में समिति की ओर से कोरोना वॉरियर्स के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया। मुख्य अतिथि विधायक करन माहरा ने महामारी के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना सेवाएं देने के लिए कुल 37 कोरोना योद्धाओं को सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक माहरा ने कहा कि लॉकडाउन के बाद नगर में लावारिस गोवंशीय सहित बेजुबान जानवरों के समक्ष भी भुखमरी के हालात पैदा हो गए थे। ऐसे में दुर्गा पूजा समिति ने निरंतर गोसेवा करके उन लोगों को आइना दिखाने का काम किया है, जो गोरक्षा के नाम पर राजनीतिक स्वार्थ सिद्ध कर रहे हैं। समिति की सौ दिनों से अधिक समय से चल रही सेवा से गोवंशीय पशुओं के लिए चारे लगातार चारे का इंतजाम कर सच्ची सेवा की जा रही है, अन्य बेजुबान जानवरों को भी समिति भोजन उपलब्ध करा रही है। विशिष्ट अतिथि कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष संजय पंत ने भी समिति के प्रयासों की सराहना की। इस मौके पर विधायक सहित अन्य अतिथियों ने कोरोना काल में अग्रिम पंक्ति पर खड़े होकर ईमानदारी व निष्ठा से सेवाएं दे रहे 37 कोरोना वॉरियर्स को दुर्गा समिति की ओर से शॉल ओढ़ाकर व प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। संचालन करते हुए समिति अध्यक्ष अजय बबली ने सेवा कार्य के अनुभव साझा किए। इस मौके पर व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवंत नेगी, विमला रावत, हेम कांडपाल, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, सोनू सिद्दीकी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *