टैक्टर-ट्राली पलटने से बच्ची की मौत, मां गंभीर

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा से सटे बिजनौर जिले के चतुरवाला गांव में शुक्रवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से 11 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।


जानकारी के अनुसार, कोटद्वार के शिवराजपुर निवासी दीपक शुक्रवार को अपनी पत्नी सीमा, 11 वर्षीय बेटी श्रद्धा और सात वर्षीय बेटे दिव्यांश के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर एक रिश्तेदार के घर गए थे। दोपहर करीब 12 बजे परिवार वापस लौट रहा था। इसी दौरान चलते ट्रैक्टर के स्टेयरिंग पर अचानक श्रद्धा का हाथ लग गया। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में श्रद्धा ट्रैक्टर के नीचे दब गई, जबकि उसकी मां सीमा भी गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए कोटद्वार स्थित बेस अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद श्रद्धा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सीमा का उपचार जारी है। हादसे में बच्ची की मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *