उत्तराखंड

योजनाएं बनाते समय दृष्टिपत्र का लें संज्ञान: महाराज

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

-कहा काम में लापरवाही दिखाने वाले अधिकारियों के खिलाफ होगी कार्रवाई
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून : लोकनिर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि विभागीय अधिकारी जन कल्याण योजनाएं बनाते समय भाजपा सरकार के दृष्टि पत्र का संज्ञान अवश्य लें। जनता के कार्यों में लापरवाही दिखाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाना है।
शुक्रवार को काबीना मंत्री ने उत्तराखंड सचिवालय स्थित विश्वकर्मा परिसर सभागार में लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। सतपाल महाराज ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित दिये कि योजना बनाते समय भाजपा के दृष्टि पत्र को अवश्य ध्यान में रखा जाएं। उन्होने चेतावनी देते हुए कहा कि बिना अनुमति के कोई भी अधिकारी कार्य ना करें। यदि कोई भी अधिकारी बिना अनुमति के कार्य करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। सतपाल महाराज ने समीक्षा बैठक में उच्च अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग में अधिकारियों कर्मचारियों के रिक्त पदों को तत्काल भरा जाए। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक में जो भी निर्णय लिए जाते हैं या निर्देश दिए जाते हैं उनका अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। दैवीय आपदा के क्षतिग्रस्त मार्ग, पूलों एवं अन्य परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण कार्यों में भी तेजी लाएं। कहा कि मार्गों की स्वीकृति में फेज-1 तथा फेज-2 की प्रक्रिया को समाप्त किया जाए। क्योंकि इसके चलते मार्ग निर्माण में अत्यधिक विलंब हो रहा है। राज्य में सैकड़ों ऐसे मार्ग हैं जिनकी फेज-1 की स्वीकृति के पश्चात वर्षों बाद भी फेज-2 की स्वीकृति जारी नहीं हुई है। इस प्रकार फेज-1 की धनराशि व्यर्थ चली गई। उन्होंने कहा कि जिन प्रस्तावित मार्गों के निर्माण में वन भूमि नहीं आ रही है, उन मार्गों के निर्माण की एकमुश्त स्वीकृति जारी की जानी चाहिए। जिससे उनका समय पर निर्माण किया जा सकें। कहा कि 15 जून तक मोटर मार्ग के किनारे नालियों का निर्माण हो जाना चाहिए और बरसात के बाद सड़क में बने गड्ढों को भरना भी तत्काल सुनिश्चित करें। मोटर मार्गों के डामरीकरण हॉटमिक्स से किया जाए और डामरीकरण के कार्यों की गुणवत्ता को देखने के लिए कार्यस्थल पर तकनीकी अधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। कहा कि यात्रा को सुगम, सुरक्षित बनाने के साथ-साथ तेल की बचत को ध्यान में रखते हुए सड़कों का एलाइनमेंट ठीक कर वैकल्पिक मार्ग दुरुस्त किया जाएं। उन्होंने संकरे रास्तों को चौड़ा करने के साथ-साथ जीर्ण क्षीर्ण निरीक्षण भवनों को सुधारने के भी अधिकारियों को निर्देश दिए। लोक निर्माण मंत्री ने यात्रा मार्गों पर जगह-जगह संकेतक लगाने के लिए भी कहा। इस मौके पर अपर सचिव सुमन सिंह वल्दिया, अतर सिंह, संयुक्त सचिव श्याम सिंह, अनु सचिव दिनेश कुमार पुनेठा, प्रमुख अभियंता प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता अशोक कुमार, संजीव कुमार गौतम, नवीन चन्द्र जोशी, जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी, रचना थपलियाल, अयाज़ अहमद, के.पी. उप्रेती, डी.के. यादव, सी.एम. पाण्डेय, अनिरुद्ध भण्डारी, राजेश कुमार, धीरेंद्र कुमार, एन.एस. खोलिया, इ.अरुण कुमार गोयल और मनोज बिष्ट सहित अनेक विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!