काबीना मंत्री सतपाल महाराज ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वर : पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि अधिकारी ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण करने का प्रयास करें। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुनते हुए उनके निराकरण का आश्वासन दिया।
शुक्रवार को सतपाल महाराज ने आज चौबट्टाखाल विधानसभा के अंतर्गत विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार निरंतर रूप से जनता के हितों में कार्य कर रही है। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का तत्काल निस्तारण करना सुनिश्चित करें, जिससे आमजन को विभागों के चक्कर न काटने पड़ें। कहा कि सतपुली-स्यूसी झील सहित सतपुली में 40 शैय्या पर्यटक आवास गृह, होम स्टे निर्माण सहित 06 बड़ी पम्पिंग योजनाएं गुजरखण्ड पम्पिंग पेयजल योजना, मां ज्वालपा पम्पिंग,भूम्या डांडा पम्पिंग योजना, परसुंडा देवता पम्पिंग, बेदीखाल जोगीमढी पम्पिंग, रसिया महादेव पेयजल पम्पिंग योजनाओं को स्वीकृति मिल गयी है। जिससे हजारों ग्रामीण पेयजल पम्पिंग योजना से लाभान्वित होंगे। मंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि जब आखिरी पायदान पर रहने वाले व्यक्ति का विकास होता है, तो सही मायने में उसे विकास कहा जाएगा। उनका मुख्य उद्ेश्य भी चौबट्टाखल के अंतिम छोर तक विकास को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में अस्पताल भी खोले जायेगे। जिससे लोगों को स्वास्थ्य के लिए बड़े शहरों में नहीं भटकना पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर व्यक्ति को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुचाना सुनिश्चित करें। इस मौके पर नगर पंचायत अध्यक्ष अंजना वर्मा, मण्डल अध्यक्ष बृजमोहन सिंह रावत, वेद प्रकाश वर्मा, कैलाश सकलानी, सत्यनारायण वेदी, भगवंती देवी, पुष्पा असवाल, रेनु घिल्डियाल, राकेश नैथानी, अंकित ठाकुर आदि मौजूद रहे।