टॉवर लगाये जाने के विरोध में तहसील में किया प्रदर्शन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम के वार्ड नंबर छ: काशीरामपुर तल्ला लोगों ने कॉलोनी के बीच में मोबाइल टावर लगाए जाने के विरोध में तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। साथ ही कम्पनी के विरोध में नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि पूर्व में इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन दिया था, लेकिन अभी तक कोई भी कार्यवाही नहीं हो पाई है, जिससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित में कॉलोनी के बीच में मोबाइल टॉवर नहीं लगाया जाना चाहिए।
मंगलवार को काशीरामपुर तल्ला के लोगों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। काशीरामपुर तल्ला के पार्षद सूरज प्रसाद कांति ने बताया कि जिस स्थान पर टॉवर लगा है उस स्थान पर निवास करने वाले परिवारों में से कोई भी परिवार मोबाइल टॉवर के समर्थन में नहीं है इसकी शिकायत उप जिलाधिकारी कोटद्वार से की गई है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी द्वारा मंगलवार को टॉवर वालों से वार्ता करने के लिए तहसील परिसर में उपस्थित होने को कहा था किंतु वह उपस्थित नहीं हुए। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र टॉवर को क्षेत्र के मध्य से नहीं हटाया गया तो जनता आंदोलन के लिए भी बाध्य होगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि उपजिलाधिकारी ने विवाद के चलते कार्य रोकने के आदेश पारित किए थे किंतु टावर में रात्रि के समय कार्य चल रहा है जोकि सरासर गलत है । इस अवसर पर विमला बिष्ट, संजना देवी, सरिता नेगी, बबली देवी, किरन बिष्ट, सुषमा देवी, नेहा नेगी, अंजू देवी, सुनीता बिष्ट, निता गुसाईं आदि लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *