महिला काश्तकारों को सिखाएं बेहतर खेती के गुर

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रखंड पोखड़ा के अंतर्गत भलु लगद (फीलगुड) चैरेटिबल ट्रस्ट व यूसार्क के सहयोग से क्षेत्र की महिला किसानों के लिए भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं ने साग-सब्जी व फल उत्पादन की जानकारी ली। इस दौरान महिला काश्तकारों को बेहतर खेती के गुर सिखाए गए।
भ्रमण कार्यक्रम के तहत महिलाओं ने फीलगुड फल वाटिका डबरा, उम्मीद समन्वित बागवानी केंद्र ढुडग्याड़ और रायसेरा का भ्रमण किया। भ्रमण दल में ग्राम कुई, मजगांव, चौबट्टाखाल, किलवा, गवाणी, किमगडी, सुंदरई, नोलयूं व डबरा की 50 महिलाएं शामिल थी। महिला किसानों को मल्चिंग सीट पर खेती करना व पावर ट्रेलर से खेत को तैयार करने के बारे में बताया गया। कुछ महिला किसानों ने तो पहली बार पावर ट्रेलर देखा। साथ ही पावर ट्रेलर को चलाने का तरीका भी सीखा। डबरा में बने फीलगुड वाटिका में ऐसा मॉडल बना है कि जिसमें किसी भी प्रकार के घेरबाड़ नहीं है व खेती सुरक्षित रहती है। यह देख महिला किसान बागवानी के लिए प्रेरित हुई। फीलगुड फलवाटिका में कीवी, कागजी नींबू, बड़ी इलायची के साथ ही पान की खेती भी है। महिला किसानों ने पान का स्वाद भी लिया। किसान महिलाएं पान की बेल भी अपने घरों में लगाने के लिए ले गई। संस्था के संस्थापक सुधीर सुंद्रियाल ने बताया कि खेतीबाड़ी में कम लागत पर अधिक उत्पादन के लिए हमको खेती-बाड़ी के तरीकों में विज्ञान व प्रौद्योगिकी का सहयोग लेना ही होगा। इससे हमारे समय व मेहनत के साथ पैसे की भी बचत होगी। आजकल क्षेत्र में जो कुछ भी खेती-बाड़ी पर काम हो रहा है, वो केवल महिलाओं के भरोसे ही चल रहा है। महिलाओं को केंद्रित करते हुए इस तरह के प्रशिक्षण आयोजित किए जाने जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *