विदेशी गिफ्ट के नाम पर शिक्षिका से 58 लाख की ठगी

Spread the love

रुद्रपुर। फेसबुक पर हुई दोस्ती एक महिला शिक्षिका को भारी पड़ गई। साइबर ठगों ने खुद को ब्रिटेन की डॉक्टर और फर्जी कस्टम अधिकारी बताकर करीब 58 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़िता ने साइबर क्राइम थाना पंतनगर में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अल्मोड़ा जिले की रहने वाली शिक्षिका के अनुसार, वर्ष 2022 में फेसबुक पर ‘डॉ. मारियो’ नाम की प्रोफाइल से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। प्रोफाइल पर विदेशी महिला की तस्वीर लगी थी और बातचीत के दौरान उसने खुद को ब्रिटेन के सरकारी अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ (गाइनोकॉलोजिस्ट) बताया। धीरे-धीरे दोनों के बीच फेसबुक और फिर व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू हो गई। वर्ष 2023 में महिला ने बताया कि उसने उनके लिए ब्रिटेन से एक गिफ्ट भेजा है। कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर खुद को कस्टम अधिकारी बताने वाले एक व्यक्ति का कॉल आया। उसने पार्सल में विदेशी मुद्रा और कीमती सामान होने की बात कहकर उसे छुड़ाने के नाम पर रुपये मांगे। शुरुआत में संदेह होने के बावजूद वह झांसे में आ गईं और रकम ट्रांसफर कर दी। इसके बाद आरबीआई चार्ज, कस्टम ड्यूटी और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग खातों में लगातार रुपये जमा कराए गए। आरोपियों ने मनी लॉन्ड्रिंग और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर उन पर दबाव बनाया। नवंबर 2023 से 23 मार्च 2026 के बीच उनसे करीब 58 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने उनसे चार नए बैंक खाते भी खुलवाए और उनके एटीएम कार्ड व सिम दिल्ली के पते पर मंगवा लिए, जिनका बाद में दुरुपयोग किया गया। जब उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने बैंक जाकर सभी खाते बंद कराए और साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है। साइबर क्राइम थाना पंतनगर के प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *