गुलदार की धमक से ग्रामीणों में दहशत

Spread the love

नई टिहरी। भिलंगना ब्लॉक के बालगंगा रेंज के बासर क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। क्षेत्र में गुलदार की मौजूदगी से स्कूली बच्चों और चारापत्ती के लिए जंगल जाने वाली महिलाओं में खासा भय बना हुआ है। वन विभाग की ओर से ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें गुलदार से बचाव की जानकारी देने के साथ ही सावधानी बरते जाने की अपील की गई। भिलंगना के बासर क्षेत्र के मांदरा, केपार्स व करणनगांव में इन दिनों गुलदार का भय बना हुआ है। गुलदार की लगातार मौजूदगी से ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं। बीते सोमवार को राइंका तलेबन में गुलदार के आ धमकने में छात्रों में दहशत का माहौल है, गुलदार की मौजूदगी से छात्र स्कूल जाने में भी कतरा रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर बालगंगा रेंज के वन दरोगा हरि प्रसाद नौटियाल व रामशरण उनियाल ने गांव मे जाकर ग्रामीणों के साथ बैठक कर गुलदार से बचाव की आवश्यक जानकारी दी। उन्होंने गांव के आस पास उगी झाड़ियों की सफाई करने, बच्चों व महिलाओं से अकेले बाहर न जाने, रात को पशुओं को व बच्चों को बाहर न निकलने व घरों की लाइट रात को खुली रखने की अपील की। केपार्स के प्रधान सूरत सिंह चौहान, मोहन लाल, बलबीर सिंह चौहान आदि ने क्षेत्र में गश्ती दल का गठन कर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *