सीएम से मिलने जा रहे आंदोलनकारियों को तीन घंटे थाने में बैठाया

Spread the love

पिथौरागढ़। डीडीहाट में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर धरना दे रहे आंदोलनकारी सीएम से मिलने को जौलजीबी को रवाना हुए, लेकिन जौलजीबी मेलास्थल पहुंचने से कुछ किमी पहले ही पुलिस ने आंदोलनकारियों को रोक दिया। तीन घंटे तक आंदोलनकारियों को पुलिस ने कनालीछीना थाने में बैठाया । जब सीएम कार्यक्रम संपन्न होने के बाद जिला मुख्यालय को रवाना हुए, तब कहीं उन्हें छोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंगलवार को जौलजीबी मेले के शुभारंभ कार्यक्रम को देखते हुए डीडीहाट से हिमांशु ओझा, रवि बोरा, रवीन्द्र बोरा, चेतन शाही, राजेन्द्र बोरा, गिरधर बोरा, ललित चुफाल, विक्रम देउपा, बलवंत कठायत, राजू बोरा सहित संयुक्त संघर्ष मोर्चा के 11 लोग जौलजीबी के लिए रवाना हुए, लेकिन जौलजीबी से 12किमी पहले ही अस्कोट क्षेत्र में पुलिस ने आंदोलनकारियों को रोक लिया। कार्यक्रम के तहत शांति व्यवस्था भंग होने की संभावना को देखते हुए पुलिस सभी को कनालीछीना थाने ले आई। सीएम के कार्यक्रम संपन्न होने तक उन्हें थानें में रखा गया। इधर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता खीमराज जोशी का कहना है कि आंदोलनकारी अपनी समस्याओं को सीएम के समक्ष रखने के लिए जा रहे थे। कहा कि उन्हें मिलने से रोकना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
वीवीआईपी कार्यक्रम के तहत शांति भंग की आशंका को देखते हुए रोका गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी को छोड़ दिया गया। – मोहन चंद्र पांडेय, प्रभारी निरीक्षक डीडीहाट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *