विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नई शिक्षा नीति के तहत जनपद के प्राथमिक विद्यालयों में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। नीति के तहत 28 सितंबर से 11 दिसंबर तक स्कूलों में भारतीय भाषा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों की भाषा व खानपान के संबध में बच्चों को जानकारी दी जा रही है। इस कार्यक्रम का आयोजन क्षेत्रीय भाषाओं और टेक्नोलॉजी के उपयोग के माध्यम से भाषा सीखने को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का समापन 11 दिसंबर को राष्ट्रवादी तमिल कवि सुब्रमण्यम भारती की जयंती पर होगा।
इस क्रम में जयहरीखाल ब्लाक के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेरुड़ा में कार्यक्रम की एक थीम अपने परिवेश को जानना के अंतर्गत बच्चों ने विभिन्न प्रकार की पोशाकें पहनकर गतिविधियां करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया। साथ ही सभी विद्यार्थियों ने दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु के बारे में जाना। साथ ही बच्चों को इडली, डोसा व सांभर आदि व्यंजन भी परोसे गए। इस दौरान विद्यालय प्रधानाध्यापक राजीव थपलियाल, शिक्षिका रिद्धि भट्ट, ग्राम सभा प्रधान दीनदयाल जदली, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अनुसूया प्रसाद जदली, विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद व सुनीता देवी, अनीता देवी, रंजना देवी व सुषमा देवी सहित अन्य अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *