खोह नदी में गिर रहा ट्रेंचिंग ग्राउंड का कूड़ा, निगम नहीं दे रहा ध्यान

Spread the love

अगस्त माह में खोह नदी की भेंट चढ़ गई थी ट्रेंचिंग ग्राउंड की सुरक्षा दीवार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भले ही नगर निगम आमजन को स्वच्छता का संदेश दे रहा हो। लेकिन, धरातल की स्थिति यह है कि नगर निगम स्वयं ही नदियों की स्वच्छता को लेकर लापरवाह बना हुआ है। हालत यह है कि पिछले पांच माह से गाड़ीघाट में ट्रेंचिंग ग्राउंड का कूड़ा लगातार खोह नदी में गिर रहा है। जबकि, खोह नदी के पानी का उपयोग कई काश्तकार सिंचाई के साथ ही मवेशियों को पिलाने के लिए भी करते हैं।
गाड़ीघाट में खोह नदी के तट पर बने ट्रेंचिंग ग्राउंड में हर रोज चालीस वार्डों से एकत्रित होने वाले कूड़े को डाला जाता है। ट्रेंचिंग ग्राउंड में एकत्रित कूड़ा खोह नदी में न गिरे इसके लिए पूर्व में नगर निगम ने सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाया था। लेकिन, अगस्त माह में नदी के तेज वेग से सुरक्षा दीवार के साथ ही ट्रेचिंग ग्राउंड की भूमि का हिस्सा बह गया था। तब से हर रोज ट्रेचिंग ग्राउंड का कूड़ा खोह नदी में गिर रहा है।

जिलाधिकारी ने जताई थी नाराजगी
अगस्त माह में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने पहुंचे जिलाधिकारी ने नदी में गिर रहे कूड़े को लेकर नाराजगी व्यक्त की थी। उन्होंने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) का हवाला देते हुए उपजिलाधिकारी को नगर निगम को नोटिस देने के निर्देश दिए थे। नोटिस मिलते ही नगर निगम व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयास करने लगा। लेकिन, 13 व 14 अगस्त को आई आपदा से ट्रेचिंग ग्राउंड की भूमि का ही कटाव हो गया था। ऐसे में पांच माह बाद भी नगर निगम सुरक्षा दीवार का निर्माण नहीं करवा पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *