डीएम ने लिया धान की फसल की कटाई व मड़ाई का जायजा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे मंगलवार को जिले में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े संकलन को लेकर तहसील पौड़ी के अन्तर्गत पेडूलस्यूं पट्टी के ग्रामसभा रछुली पहुंचे। जहां उन्होंने धान की फसल की कटाई, मड़ाई का जायजा लिया। जिलाधिकारी डॉ. जोगदण्डे ने कहा कि धान की फसल का 15 दिन बाद फिर से वजन किया जाएगा, जिसके बाद फसल की घटतौली का आंकलन किया जाएगा। क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर ही जिले में फसलों की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े तैयार किए जाते हैं। जिससे जिले में हो रहे उत्पादन की सटीक जानकारी हासिल की जाती है। अंतिम आंकड़े परीक्षण के उपरांत राज्य स्तर पर कृषि निदेशालय जारी करता है।
राजस्व विभाग ने रछुली गांव के कृषकों के धान के खेत में 30 वर्ग मीटर का प्लाट बनाकर सीसीई एग्री एप के माध्यम से क्रॉप कटिंग का प्रयोग किया। जिसमे 14.150 किलोग्राम धान की फसल प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने खेत का नक्शा, खसरा, रजिस्टर आदि भू-अभिलेखों की जांच करते हुए किसानों द्वारा बोई गई धान के बीज के बारे में जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अपने मध्य पाकर प्रसन्नता व्यक्त की, साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी से गांव के समस्याओं के बारे में अवगत कराया। जिस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र निस्तारण करने का भरोसा दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग के प्रयोगों से प्राप्त उत्पादन के आंकड़ों के आधार पर क्षतिपूर्ति और फसल बीमा की राशि निर्धारित की जाती है। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को क्षेत्र बांट कर क्रॉप कटिंग की कार्यवाही सम्पन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि समस्त तहसीलों में क्षेत्रवार क्रॉप कटिंग की जा रही है। क्रॉप कटिंग के आधार पर ही फसल उत्पादन का डाटा तैयार किया जाता है। जिससे क्षेत्र में फसल उत्पादन की सही जानकारी मिल सकेगी। इस अवसर पर सहायक भूलेख अधिकारी पूरन प्रकाश रावत, सांख्यकी अधिकारी रविंद्र चौहान, प्रभारी कानूनगो पेड़ूलस्यूं-4 मो. नासिर, क्षेत्रीय पटवारी महावीर सिंह, ग्राम प्रधान रछुली लक्ष्मण सिंह नेगी सहित ग्रामीण सुनील नेगी, शैली देवी, निर्मला देवी आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *