तीर्थ यात्रियों का पहला जत्था दो मई को रवाना

Spread the love

ऋषिकेश। उत्तराखंड की प्रसिद्घ चारधाम यात्रा का आगाज 3 मई को होगा। दो मई को यात्रा के प्रवेशद्वार तीर्थनगरी ऋषिकेश से तीर्थयात्रियों का पहला जत्था लेकर दो बसें आस्थापथ पर रवाना होंगी। यात्रा का संचालन करने वाली परिवहन कंपनियों को यात्रा की अग्रिम बुकिंग मिलने लगी है। वैश्विक महामारी कोरोना के चलते पिछले दो साल से प्रभावित रही चारधाम यात्रा के वर्ष 2022 में रफ्तार पकड़ने के आसार बन रहे हैं। चारधाम यात्रा आरंभ होने में करीब डेढ़ महीना है, लेकिन बाहरी प्रांतों के तीर्थयात्री अभी से चार धामों के दर्शन को लेकर खासे उत्साहित हैं। यही वजह है कि चारधाम यात्रा के लिए तीर्थयात्री बसों की अग्रिम बुकिंग कराने लगे हैं। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के प्रभारी मदन मोहन कोठारी ने बताया कि राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों से चारधाम यात्रा को लेकर तीर्थयात्री हर रोज फोन पर संपर्क साध रहे हैं। बताया कि राजस्थान के 25 और महाराष्ट्र के 30 तीर्थयात्रियों ने 2 मई के लिए बसों की अग्रिम बुकिंग कराई है। तीर्थयात्रियों का यह पहला जत्था यात्रा आंरभ होने से एक दिन पहले चारधाम के लिए रवाना होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *