सरकार युवाओं को टीका लगाकर उन्हें सुरक्षा कवच देने में फेल

Spread the love

पिथौरागढ़। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल बैठक कर सरकार को घेरा। कहा कोरोना संकट के बीच सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में संक्रमित मौत के मुंह में समा रहे हैं। कोरोना से सुरक्षा के लिए जरूरी टीकाकरण के लिए देश का युवा तरस गया है। कहा देश में कोरोना से जंग लापरवाही के साथ लड़ी जा रही है, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मंगलवार को युकां जिलाध्यक्ष त्रिलोक महर के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने वर्चुअल बैठक की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। महर ने कहा कोरोना संकट के बीच हर किसी को एक-दूसरे की मदद करनी होगी। कहा सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही जरूरमंदों को राहत पहुंचाने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। संकट की इस घड़ी में कांग्रेस जरूरमंदों को राहत पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करेगी। कहा सरकार टीके को कोरोना को हराने का एकमात्र उपाय बता रही है। लेकिन वैक्सीनेशन सेंटरों में ताले लटके हैं। लोग टीके के लिए तरस गए हैं। कहा कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को मास्क, सेनेटाइज वितरण कर उन्हें सुरक्षा प्रदान करेंगे। कहा कांग्रेस इस कठिन घड़ी में लोगों के साथ खड़ी है। यहां शुभम विष्ट, नवीन ऐरी, त्रिभुवन चुफाल, श्याम सुंदर सौन, प्रकाश देवली रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *