जनविरोधी नीतियां अपनाकर जनता का शोषण कर रही सरकार
कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद डबराल ने पत्रकारों से की वार्ता
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद डबराल ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार जनविरोधी नीतियां अपनाकर जनता का शोषण कर रही है। महंगाई व बेरोजगारी ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया। कहा कि अब जनता को एकजुट होकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करना होगा।
रविवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए विनोद डबराल ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व भारतीय जनता पार्टी ने जनता से बड़े-बड़े वादें किए थे। लेकिन, सत्ता मिलते ही सरकार ने जनता का शोषण शुरू कर दिया है। कहा कि कांग्रेस की ओर से आठ अप्रैल से लेकर तीस अप्रैल तक जनसमस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को पोस्टकार्ड भेजो अभियान चलाया गया। कार्यकर्ताओं ने जिले से छह सौ से अधिक पोस्टकार्ड भेजे गए। कांग्रेस ने पोस्टकार्ड में अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सीबीआई से करवाए जाने, वतंतरा रिजोर्ट में ठहरे वीआईपी की पहचान करने, रिजोर्ट को बुलडोजर चलाकर सबूत नष्ट करने की जांच, उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के माध्यम से खिलाड़ियों का शोषण, गढ़वाल क्षेत्र में बाघ से आंतक से छुटकारा दिलाने, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सुविधा व आवश्यक भत्ता दिए जाने की मांग की गई है। अभी तक किसी भी पोस्टकार्ड का जबाब नहीं मिला है। इससे पता लगता है कि सरकार जनता के हितों को लेकर गंभीर नहीं है। इस मौके पर महिला अध्यक्ष रश्मि पटवाल, महानगर अध्यक्ष शकुतंला चौहान, पूर्व अध्यक्ष डा.चंद्रमोहन खर्कवाल, बलवीर सिंह रावत, प्रवेश रावत, गूडू सिंह चौहान मौजूद रहे।