जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली। आदर्श विद्यालय राजकीय इंटर कालेज एकेश्वर में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अथिति ब्लॉक प्रमुख एकेश्वर नीरज पांथरी ने विद्यालय में नए प्रवेश हेतु आये छात्र-छात्राओं का स्वागत किया।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि पठन-पाठन के साथ खेल प्रतियोगिताओं में भी भाग लेना चाहिए। जिससे समाज में एक अलग पहचान बन सकेगी। उन्होंने समस्त अभिभावको से अपील करते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति 2020 के तहत दी जा रही गुणवत्ता परक एवं 21वीं सदी को भारत की सदी बनाने में सक्षम शिक्षा को अपने पाल्यों को दिलवाये। उन्होंने छात्र-छात्राओं को कहा कि भविष्य में कुछ हासिल करना है तो उसके लिए मेहनत व लगन जरूरी होनी चाहिए, जिससे अपने लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल कर सकोगे। इस दौरान उन्होंने समस्त नव प्रवेश वाले छात्रों को उपहार भी प्रदान किये। इस अवसर पर प्रधानाचार्य एलआर वर्मा, क्षेत्र पंचायत सदस्य रंजना बडोला, ग्राम प्रधान शोभा देवी, निकिता रावत, तेजपाल पंवार, महेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता राजनीति विज्ञान राजेश कुमार राय ने किया।