न्यायालय में चल रही सुनवाई, बाहर उठी बेटी के न्याय की गूंज

Spread the love

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर लोगों ने न्यायालय के बाहर किया प्रदर्शन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक फैसला नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने बुधवार को सिम्मलचौड़ स्थित न्यायालय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। कहा कि मामले को डेढ़ वर्ष से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी अब तक आरोपियों को सजा नहीं मिल पाई है। नतीजा पीड़ित परिवार न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है। लोगों ने न्याय नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने की भी चेतावनी दी।
बुधवार सुबह सुनवाई के लिए मामले से जुड़े तीनों आरोपियों को पुलिस कोटद्वार लेकर पहुंची। इससे पूर्व ही पुलिस ने पूरे न्यायालय को छावनी के रूप में तब्दील कर दिया था। कड़ी सुरक्षा के साथ आरोपियों को न्यायालय में प्रवेश करवाया गया। इसके बाद विभिन्न संगठनों के लोग न्यायालय परिसर के बाहर पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाने लगे। सदस्यों ने मौके पर आरोपितों का पुतला भी दहन किया। वक्ताओं ने कहा कि मामले को डेढ़ वर्ष हो चुके हैं। लेकिन, अब तक परिवार को न्याय नहीं मिल पाया है। ऐसे में न्यायालय से भी आमजन का भरोसा उठता जा रहा है। कहा कि जब तक पहाड़ की बेटी को न्याय नहीं मिलेगा वह अपना आंदोलन जारी रखेंगे। उन्होंने सरकार से भी मामले को गंभीरता से लेने की मांग उठाई। कहा कि उत्तराखंड में बेटियों के साथ अत्याचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *